![]() |
| बिलासपुर में श्याम कश्यप पर हमले के मामले में तारबाहर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। |
घटना के बाद श्याम कश्यप के बेटे शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
पुलिस को शुरुआती जांच में लंबे समय तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में इस्तेमाल बाइक की पहचान की। इसके बाद संदिग्धों से पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामले में आगे की जांच बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक नितिन टेकाम और एक नाबालिग से मिली जानकारी के आधार पर गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी तथा पेंड्रा निवासी साहिल सोनकर से जुड़े पहलुओं की जांच की गई।
5 लाख रुपये के लालच में हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि दीपक तिवारी ने बिलासपुर में एक व्यक्ति की हत्या के लिए 5 लाख रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस का दावा है कि इसके बाद साहिल सोनकर के साथ बजाज पल्सर बाइक से बिलासपुर आकर श्याम कश्यप पर हमला किया गया।
जांच में पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने दीपक तिवारी के इशारे पर श्याम कश्यप को निशाना बनाया था। हालांकि, मामले से जुड़े अन्य आरोपों और पूरी साजिश को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
घर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान उसके घर पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी से वारदात से जुड़े घटनाक्रम के संबंध में जानकारी मिलने का पुलिस ने दावा किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा बरामद किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
परिवार ने गन लाइसेंस की मांग की
हमले के बाद श्याम कश्यप के परिवार की ओर से सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाया गया है। उनके बेटे शिशिर कश्यप ने कलेक्टर को आवेदन देकर आत्मरक्षा के लिए गन लाइसेंस देने की मांग की है।
श्याम कश्यप ने अपने बयान में बेटे शिशिर के मामा नवीन पटेल के साथ जमीन को लेकर पुराने विवाद का उल्लेख किया और उन पर रंजिश रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कॉम्प्लेक्स के मालिक गिरीश पांडेय पर भी संदेह जताया है।
ये आरोप श्याम कश्यप की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।
