 |
| कुरुद में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग। |
कुरुद । नगर पालिका कुरुद के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर नागरिकों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते त्योहारों के बीच लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है।श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक स्थित दुर्गेश सेलून के पीछे स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग आसपास के व्यापारियों द्वारा पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने की बात सामने आई है। वहीं वार्ड क्रमांक 7 में करीब एक महीने से स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत है। स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसी समस्या नगर के अन्य वार्डों में भी देखने को मिल रही है। स्ट्रीट लाइट बंद होने से रात के समय पैदल चलने वाले लोगों, वाहन चालकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिससे अंधेरे के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। साथ ही आसपास के घरों में सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़े पहुंचने की आशंका से भी लोग चिंतित हैं।त्योहारों के दौरान बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द खराब लाइटों को दुरुस्त कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।