![]() |
| भिलाई-दुर्ग में हेरोइन तस्करी मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब से हेरोइन मंगवाकर अपने साथियों की मदद से भिलाई-दुर्ग इलाके में इसकी सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शंकराचार्य अस्पताल के पीछे घेराबंदी की और सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से करीब 3 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदता था। इसके बाद उसी हेरोइन को भिलाई-दुर्ग में करीब 6 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचकर मुनाफा कमाता था। गिरोह नशे के आदी लोगों और युवाओं तक छोटी-छोटी पुड़ियों में चिट्टा पहुंचाने का काम करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 6 मोबाइल फोन और नशा सेवन में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की है। बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के मोबाइल फोन, वित्तीय लेन-देन और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायर, ग्राहक और सहयोगी कौन हैं तथा यह नेटवर्क कब से सक्रिय था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुरमीत सिंह रंधावा (26), निवासी विवेकानंद नगर, सुपेला, गगनदीप सिंह (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल, शुभम कुमार बैस (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल, जी. विनित (30), निवासी सेक्टर-4, भिलाई, उत्तम सिंह उर्फ बॉबी (28), निवासी कैंप-2, छावनी और अब्दुल कादिर (34), निवासी प्रगति नगर, जामुल शामिल हैं।
इस मामले में सुपेला थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (ख), 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
