![]() |
| छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त के राज्य और जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी। |
राजनांदगांव जिला मुख्यालय के समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण करेंगे। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को ध्वजारोहण तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर के जगदलपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराएंगे।
राज्य स्तरीय समारोह रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में होगा। राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण करेंगे, जबकि इन प्रमुख जिला मुख्यालयों के अलावा अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सरकार ने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को सौंपी है।
मंत्रियों को इन जिलों की जिम्मेदारी
सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप ध्वजारोहण करेंगे। कबीरधाम की जिम्मेदारी उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन को दी गई है।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ध्वजारोहण करेंगी।
जांजगीर-चांपा में कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को मुख्य समारोह की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सांसद भी कई जिलों में करेंगे ध्वजारोहण
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय ध्वजारोहण करेंगे। कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग और बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि होंगे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े और बीजापुर में सांसद महेश कश्यप को यह जिम्मेदारी दी गई है। सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ध्वजारोहण करेंगी।
विधायकों को भी मिली जिम्मेदारी
कोरबा में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धरमजीत सिंह मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले और कोरिया में विधायक भैया लाल राजवाड़े को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नारायणपुर में विधायक लता उसेंडी ध्वजारोहण करेंगी। जिला मुख्यालयों पर समारोह के दौरान ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का जनता के नाम वाचन करेंगे।
मुख्यमंत्री के संदेश में छत्तीसगढ़ के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और भावी प्राथमिकताओं से जुड़े विषय शामिल होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सभी जिला मुख्यालयों और पुलिस परेड ग्राउंड्स में सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
