![]() |
| दुर्ग के कुम्हारी में पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति गिरफ्तार। |
पुलिस के अनुसार, कुम्हारी के वार्ड क्रमांक-4 स्थित महामाया पारा में दुर्गा मंच के पास रहने वाले घनश्याम यादव (25) और उसकी पत्नी दुर्गा यादव (22) के बीच रविवार सुबह करीब 9:30 बजे विवाद हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घनश्याम अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और आरोपी शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट भी करता था।
रविवार सुबह भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने घर में मौजूद सब्जी काटने वाले धारदार हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया। उसने दुर्गा के माथे, गले और पीठ पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हमले के बाद घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि घनश्याम यादव और दुर्गा यादव की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों का छह माह का एक बच्चा भी है। इस घटना के बाद मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
