![]() |
| NIT Raipur में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम। |
इस कार्यक्रम से देशभर के 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवा जुड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों का महत्व केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक खेल युवाशक्ति को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पीएम मोदी ने 21वीं सदी के आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज और स्पोर्ट्स साइंस के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को बेहतर तरीके से निखारने की जरूरत पर भी बात की।
NIT Raipur में कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को असफलताओं से निराश नहीं होने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त होकर ही युवा देश को ताकत दे सकते हैं और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान युवाओं से खेल और सकारात्मक गतिविधियों के जरिए आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना, टीम भावना बनाए रखना और मानसिक स्थिरता सीखने में मदद करता है।
यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने भी युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को अपने अभियानों में जिम्मेदारी लेने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान NIT के छात्रों ने वर्ष 2036 के ओलंपिक की तैयारियों, खेल सुविधाओं के विस्तार और युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। इससे कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी और खेलों को लेकर उनकी सोच को सामने रखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में NIT निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का केंद्र युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
