NEP 2020: छत्तीसगढ़ में वोकेशनल विषयों के प्रश्नपत्र अब होंगे कंपिटेंसी बेस्ड

CGBSE द्वारा NEP 2020 के तहत वोकेशनल विषयों के लिए कंपिटेंसी बेस्ड प्रश्नपत्रों के नए ब्लूप्रिंट तैयार किए जा रहे हैं।
NEP 2020 के तहत माशिमं ने वोकेशनल विषयों के लिए नए कंपिटेंसी बेस्ड ब्लूप्रिंट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अनुरूप व्यावसायिक (वोकेशनल) शिक्षा के मूल्यांकन में अहम बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब वोकेशनल विषयों के प्रश्नपत्र कंपिटेंसी बेस्ड यानी दक्षता आधारित पैटर्न पर तैयार किए जाएंगे। इसी उद्देश्य से मंडल मुख्यालय में 4 से 6 अगस्त तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जहां नए ब्लूप्रिंट तैयार किए जा रहे हैं।

यह कार्यशाला मंडल की अध्यक्ष रेणु जी. पिल्ले के संरक्षण और सचिव पुष्पा साहू के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। इसमें एनसीईआरटी की परख इकाई के दिशा-निर्देशों के अनुसार छह डोमेन पर आधारित प्रश्नपत्रों के ब्लूप्रिंट तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें आगामी परीक्षाओं में लागू किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान कक्षा 11वीं के लिए ऐपेरल एंड मेड-अप्स, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, प्लंबिंग, पावर और कंस्ट्रक्शन सहित पांच नए वोकेशनल ट्रेड के ब्लूप्रिंट तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आईटी ट्रेड के मौजूदा ब्लूप्रिंट में भी आंशिक बदलाव किया जा रहा है।

मंडल के उपसचिव डॉ. बी. रघु ने बताया कि ब्लूप्रिंट तैयार करते समय अधिगम परिणाम, दक्षताओं, शैक्षिक उद्देश्यों, प्रश्नों के प्रकार और उनके कठिनाई स्तर को विशेष महत्व दिया जाएगा। आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र इन्हीं ब्लूप्रिंट के आधार पर तैयार किए जाएंगे।

इस कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ. माधुरी बोरेकर, सीमा वर्मा, सहायक प्राध्यापक अखिलेश बावनगड़े, अलका जैन, मनीषी सिंह और शिवा सोमवंशी प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं, परख सेल के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार साहू के मार्गदर्शन में ब्लूप्रिंट तैयार करने का कार्य लगातार जारी है।

मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने कहा कि एक ही विषय-वस्तु पर अलग-अलग डोमेन के आधार पर प्रश्न तैयार किए जा सकते हैं। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों की समझ, विश्लेषण क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान का अधिक प्रभावी ढंग से मूल्यांकन किया जा सकेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के मूल्यांकन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रश्नपत्र निर्माण और मॉडरेशन की पूरी प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال