![]() |
| भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में मामले के बाद दो आरक्षकों को निलंबित किया गया। |
मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद दुर्ग जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल ने छावनी थाना के आरक्षक सोनू चौहान और खुर्सीपार थाना के आरक्षक चंद्रभान चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान पकड़े गए आरोपियों में से एक को छोड़ने के लिए सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान उन पर लगातार दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि दोनों आरक्षकों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा और प्रधान आरक्षक के साथ अनुचित व्यवहार किया। इसके बाद रामनारायण यदु ने मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
प्रधान आरक्षक ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी खुर्सीपार थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट को दी। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल तक पहुंचाई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। निलंबन के बाद सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान को रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है।
दोनों आरक्षकों पर प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने और अनुशासनहीन तरीके से कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को दोनों के खिलाफ प्राथमिक जांच करने का निर्देश दिया है।
जांच अधिकारी को 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई प्राथमिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर होगी।
