रायपुर सराफा दुकान चोरी में दो महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार

 

रायपुर सराफा दुकान चोरी मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
रायपुर के श्री गुरु ज्वेलर्स चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई।
रायपुर सराफा दुकान चोरी मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स का है, जहां दुकान की दीवार तोड़कर सोने और चांदी के जेवर चोरी किए गए थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रावतपुरा निवासी लोकेश राव, उषा उर्फ सपना खुंटे, दुर्ग निवासी एम. मोहन राव, मिराज आलम और पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम चांदी के जेवर, एक सोने का लॉकेट, दो बाइक और पांच मोबाइल बरामद किए हैं।

पूरा मामला रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स से जुड़ा है। दुकान संचालक निमाई डोंडा ने 10 अगस्त को टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि अज्ञात चोर दुकान की दीवार तोड़कर सोने और चांदी के जेवर ले गए।

शिकायत मिलने के बाद टिकरापारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की हजारों फुटेज की जांच की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस सबसे पहले महिला आरोपी आकांक्षा सोनी तक पहुंची। पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले में लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव उर्फ मोनी की भूमिका के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पहले दुकान की रेकी की थी। इसके बाद योजना बनाकर लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को साथ लिया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 2 किलोग्राम चांदी के जेवर और एक सोने का लॉकेट बरामद किया। इसके अलावा दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एम. मोहन राव पहले हत्या के चार और चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। हत्या के एक मामले में वह 10 साल की सजा भी काट चुका है।

वहीं, लोकेश राव और उसकी पत्नी के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال