![]() |
| पेंड्री बस्ती में मारपीट, लूट और तोड़फोड़ के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार। |
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। पेंड्री बस्ती में पवन आटा चक्की के पास पिंकू उर्फ फटीक लहरे और हिरेंद्र लहरे ने उसे रोककर शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने चाकू और डंडे से प्रार्थी के साथ मारपीट की और उसकी जेब से 250 रुपये जबरन छीन लिए। घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपी प्रार्थी के घर में भी घुस गए और वहां होम थिएटर समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की। शिकायत मिलने के बाद लालबाग थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 362/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मामले में धारा 333 बीएनएस भी जोड़ी गई। जांच के आधार पर पुलिस ने पेंड्री बस्ती निवासी पिंकू उर्फ फटीक लहरे, उम्र 26 वर्ष, और हिरेंद्र लहरे, उम्र 27 वर्ष, को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने पिंकू के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्टील का चाकू और हिरेंद्र के पास से डंडा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, पिंकू आदतन हिस्ट्रीशीटर है।
दोनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले में तीसरा आरोपी सोमू लहरे अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई।
