भिलाई में सुबह दो जगह चेन स्नैचिंग, बुजुर्ग महिलाओं से सोने की चेन लूटी

 

भिलाई में सुबह दो अलग-अलग जगह बुजुर्ग महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटना, पुलिस CCTV फुटेज की जांच करती हुई।
भिलाई में सुबह हुई दो चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुटी।

दुर्ग/भिलाई । भिलाई में शुक्रवार सुबह चेन स्नैचरों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में सामने आई। दोनों घटनाएं सुबह करीब 6 बजे हुईं। इनमें से एक वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, एक बुजुर्ग महिला सुबह अपने घर के बाहर टहल रही थीं। उसी समय एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। वाहन चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा आरोपी चेहरे पर नकाब लगाए था। मौका मिलते ही पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गए।

दूसरी वारदात भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 के पास हुई। यहां एक बुजुर्ग महिला सुबह फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान एक महिला आरोपी वहां पहुंची और उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद उसने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला आरोपी अपने पुरुष साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से भाग निकली।

दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال