![]() |
| सुपेला पुलिस ने एसी कॉपर वायर चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। |
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को गोदाम संचालक गजानंद नौखरे ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि गोदाम का पीछे वाला शटर उठाकर अंदर रखे एसी कॉपर वायर चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक आकाशगंगा मार्केट के पास चोरी का कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने 22 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे गोदाम के पीछे से शटर उठाकर अंदर प्रवेश करने और कॉपर वायर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का कॉपर वायर बरामद किया।
मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आकाश पाल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
