![]() |
| भिलाई में बंद मकानों में चोरी के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मई, जून और जुलाई 2026 के दौरान वैशाली नगर, कैंप और राजीव नगर इलाके में कई बंद मकानों में चोरी की। गिरोह सोने-चांदी के गहने, नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी करता था। चोरी के गहने अलग-अलग ज्वेलर्स को बेचने के बाद मिली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे।
वैशाली नगर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मई में आरोपियों ने स्कूल के सामने स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया था। वहां से सोने की कान की बाली, चांदी की बिछिया, पायल और करधन चोरी किए गए थे। इसके बाद कैंप और राजीव नगर क्षेत्र के दूसरे बंद मकानों में भी चोरी की गई।
जून और जुलाई के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग मकानों से सोने की अंगूठी, चेन, चांदी की पायल, बिछिया और करधन के साथ नकदी तथा गैस सिलेंडर भी चोरी किए। पुलिस का कहना है कि वारदात से पहले आरोपी इलाके में मकानों की लगातार निगरानी करते थे।
पुलिस ने अनीस खान (40), श्रीनिवास शाह (35), इरशाद (32), एम. चिन्ना राव (54) और शमीन बेगम उर्फ सोना (42) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी भिलाई के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि गिरोह ऐसे मकानों की पहचान करता था, जहां कई घंटे तक किसी के मौजूद नहीं होने की संभावना रहती थी। दिन और रात दोनों समय इलाके में घूमकर मकानों की निगरानी की जाती थी। लगातार घर बंद मिलने पर ताला तोड़कर चोरी की जाती थी।
वारदात के बाद चोरी किए गए सामान को ठिकाने लगाने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार, सोने-चांदी के गहने अलग-अलग ज्वेलर्स को बेचे जाते थे और उससे मिली रकम आरोपियों के बीच बांट दी जाती थी।
पुलिस अब उन ज्वेलर्स के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जहां चोरी के गहने बेचे गए। इसके साथ ही गिरोह से जुड़े दूसरे मामलों और चोरी का सामान खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के गहने, नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य सामान बरामद किया है। चोरी की वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सुपेला और आसपास के थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है। इन मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया है।
