![]() |
| बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में लूट के बाद मौके पर जांच करती पुलिस टीम। |
पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह करीब चार बजे हुई। घायल सुरक्षा गार्ड हरिकुमार ने बताया कि पांच लोग दुकान के पास पहुंचे और शराब दुकान की चाबी मांगने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर दूसरा गार्ड शैलेंद्र मौके पर पहुंचा, लेकिन उस पर भी हमला कर दिया गया।
हमले के दौरान हरिकुमार को धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों गार्डों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और उन्हें बंधक बनाकर आरोपी दुकान के भीतर घुस गए।
दुकान के अंदर पहुंचने के बाद बदमाशों ने कटर की मदद से लॉकर खोलने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने उसमें आग लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं खुल सका।
इसके बाद आरोपी करीब 27 हजार रुपये नकद, देशी और विदेशी शराब की दो पेटियां, एक गार्ड का मोबाइल फोन और CCTV कैमरों का DVR अपने साथ लेकर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि DVR ले जाने का उद्देश्य वारदात से जुड़े सबूतों को मिटाना हो सकता है।
बदमाशों के जाने के बाद दोनों गार्ड किसी तरह रस्सियों से खुद को मुक्त करने में सफल रहे। सुबह जब आसपास से गुजर रहे लोगों ने उनकी हालत देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद घायल गार्ड को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मस्तूरी पुलिस, आबकारी विभाग के अधिकारी, ACCU टीम और साइबर एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गतौरा क्षेत्र की शराब दुकान में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी मस्तूरी इलाके की एक शराब दुकान में लूट का प्रयास किया गया था। उस मामले में बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। उस दौरान ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
