![]() |
| बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत। |
इसी दौरान चार वर्षीय चींटू पैकरा खेलते समय फिसलकर तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। छोटे भाई को पानी में डूबता देखकर सात वर्षीय दीपू पैकरा उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए।
तालाब के पास मौजूद एक युवक की नजर बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
इसके बाद ग्रामीण और परिजन दोनों बच्चों को तत्काल पचपेड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी भक्त प्रहलाद पैकरा किसान हैं। गुरुवार शाम वह अपने दोनों बेटों दीपू पैकरा (7) और चींटू पैकरा (4) को लेकर तालाब के पास पहुंचे थे। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बच्चे तालाब किनारे खेल रहे थे।
एक साथ दो बेटों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
