![]() |
| छत्तीसगढ़ बोर्ड ने फर्जी कॉल को लेकर छात्रों और अभिभावकों को सतर्क किया। |
बोर्ड के अनुसार, 2024 और 2025 में भी कुछ छात्रों और पालकों को रिजल्ट सुधारने, नंबर बढ़ाने और पास कराने के नाम पर फोन किए गए थे। कॉल करने वालों ने परीक्षा का रिजल्ट बदलने या अंक बढ़ाने के बदले पैसे की मांग की थी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के फर्जी फोन कॉल का छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से कोई संबंध नहीं है। छात्रों और अभिभावकों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने को कहा गया है।
रिजल्ट सुधारने के नाम पर पैसे मांगे तो न दें
बोर्ड ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क करके परीक्षा में नंबर बढ़ाने, रिजल्ट सुधारने या पास कराने का दावा करता है, तो उसकी बात पर भरोसा नहीं करना चाहिए। ऐसे व्यक्ति को किसी भी स्थिति में पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है।
बोर्ड के मुताबिक, फर्जी कॉल करने वाले छात्र की परीक्षा या रिजल्ट से जुड़ी जानकारी बताकर भी भरोसा जीतने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए ऐसी स्थिति में छात्रों और अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस में शिकायत करने की सलाह
अगर किसी छात्र या अभिभावक के पास इस तरह का फोन आता है, तो नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने फोन करने वाले को पैसे देने के साथ-साथ अपनी निजी या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा करने से भी बचने को कहा है।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा का रिजल्ट सुधारने या नंबर बढ़ाने के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल से भ्रमित न हों। ऐसे मामले सामने आने पर तुरंत शिकायत करें और किसी भी तरह की निजी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
