भिलाई-3 में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, हटाने की मांग

भिलाई-3 के उमदा चौक में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस की रैली और प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक।
भिलाई-3 के उमदा चौक में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन।
भिलाई-3 में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को उमदा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-3 चरोदा ने रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आंदोलन के दौरान स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में लोगों से फॉर्म भी भरवाए गए।

उमदा चौक से शुरू हुई रैली में कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर वापस लेने और बिजली उपभोक्ताओं का शोषण बंद करने की मांग उठाते हुए नारेबाजी की। रैली जिस रास्ते से होकर निकली, वहां कई लोगों ने कांग्रेस के इस आंदोलन का समर्थन भी किया।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम लोगों के हित में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उनके अनुसार इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ गरीबों, किसानों, मजदूरों, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।

राकेश ठाकुर ने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल वापस लेने और पहले की तरह पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस योजना का सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रखेगी। उनका कहना था कि यदि सरकार ने समय रहते अपना फैसला नहीं बदला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपने फैसले जबरन लागू कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उनके अनुसार स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करेगी और बिजली ग्राहकों के हको की सुरक्षा के लिए लगातार जीवन के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

इस प्रदर्शन में महापौर निर्मल कोसरे, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा, मनोज मढ़रिया, विनोद निषाद, भूपेंद्र वर्मा और आशीष वर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال