![]() |
| रायपुर में ऑनलाइन ऑर्डर की गई मिठाई में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद जांच की बात कही गई। |
शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने सबसे पहले Zomato कस्टमर केयर से संपर्क किया, लेकिन वहां से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि यह मिठाई रायपुर के नेताजी होटल से मंगवाई गई थी। इसके बाद उन्होंने होटल से भी संपर्क किया, लेकिन शुरुआती बातचीत में वहां से भी उन्हें संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। हालांकि होटल संचालक ने इस मामले में अपनी ओर से किसी भी तरह की गलती से इनकार किया है।
नेताजी होटल के संचालक ने बताया कि जिस समय मिठाई का ऑर्डर तैयार किया गया, उस दौरान वह दुकान पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब होने के कारण वह अस्पताल में थे और उस समय दुकान का संचालन स्टाफ संभाल रहा था।
उन्होंने कहा कि उनकी दुकान में साफ-सफाई, हाइजीन और ग्राहकों की संतुष्टि को हमेशा प्राथमिकता दी जाती है। सामान्य परिस्थितियों में मिठाई के भीतर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या अनावश्यक चीज का होना संभव नहीं है। इसके बावजूद यदि इस तरह की शिकायत सामने आई है तो वह पूरे मामले की व्यक्तिगत रूप से जांच कराएंगे।
होटल के मालिक ने यह भी कहा कि यदि छानबीन में किसी स्टाफ की लापरवाही या भूल सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त एक्शन किया जाएगा । साथ यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं डिलीवरी के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी तो नहीं हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शिकायतकर्ता के साथ स्टाफ ने अनुचित व्यवहार किया है तो उस मामले में भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर शिकायतकर्ता का कहना है कि यह मामला केवल एक ऑर्डर तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि यदि पैक की गई मिठाई में कॉकरोच मिले हैं तो यह जांच का विषय है कि मिठाई किस तरह तैयार की जा रही है और उसका स्टोरेज किस प्रकार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किचन और स्टोरेज में साफ-सफाई के तय मानकों का पालन किया जा रहा है और क्या खाद्य सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन हो रहा है।
ऐसी स्थिति में यदि किसी ग्राहक को खाने-पीने की किसी वस्तु में कॉकरोच, कीड़े या अन्य अशुद्धियां मिलती हैं तो वह सबसे पहले बिल और संबंधित फोटो सुरक्षित रख सकता है। इसके बाद संबंधित फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत करने के साथ ही उपभोक्ता आयोग का भी रुख किया जा सकता है।
