दुर्ग में 8 किमी सड़क बदहाल, कांग्रेस ने PWD से की मरम्मत की मांग

दुर्ग के उरला और गया नगर क्षेत्र में बदहाल सड़क का निरीक्षण करते कांग्रेस नेता
दुर्ग के पश्चिमी क्षेत्र में सड़क की स्थिति का निरीक्षण करते कांग्रेस नेता।
दुर्ग शहर के पश्चिमी हिस्से में बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने PWD और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 57 उरला पश्चिम, वार्ड क्रमांक 58 उरला पूर्व, गया नगर और रामनगर क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने चंडी मंदिर से गया नगर, रामनगर और उरला होते हुए राम मैरिज गार्डन तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस के मुताबिक, इस दौरान सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, धंसी हुई नालियां और खराब सतह दिखाई दी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

कांग्रेस ने दावा किया कि सड़क की खराब स्थिति आम नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी सुरक्षा का मुद्दा बन गई है। पार्टी नेताओं के अनुसार, दो दिन पहले इसी मार्ग के गड्ढों में दो ई-रिक्शा पलट गए थे और यात्रियों को चोटें आईं।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर के महत्वपूर्ण मार्ग की यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई बार प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

बाकलीवाल ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़कों की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर सड़क का नवनिर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार ने कहा कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं है, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत या नवनिर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान जमुना साहू, बृजलाल पटेल, बिजेंद्र भारद्वाज, लीखन साहू, सुनीत घोष, प्रीतम देशमुख, मनीष सोनवानी, अमित साहू, दीपक पटेल, छबिलाल साहू, हिमांशु शर्मा, राकेश साहू और पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और कांग्रेसजन मौजूद रहे।

कांग्रेस ने कहा है कि यदि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल पार्टी ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत या नवनिर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال