पेंड्रावन स्कूल में छात्रों के आंदोलन का असर, 3 नए शिक्षक पहुंचे, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जारी किए नए आदेश

पेंड्रावन स्कूल में छात्रों से बातचीत करते शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
Image Source: दैनिक भास्कर
पेंड्रावन स्कूल पहुंचकर छात्रों से बातचीत करते शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव।
शिक्षकों की कमी को लेकर दो बार सड़क पर चक्काजाम करने वाले पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रों से गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मुलाकात की। आंदोलन खत्म होने के दो दिन बाद स्कूल पहुंचे मंत्री ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत कर स्कूल की नई शिक्षक व्यवस्था की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा कि छात्रों की मांग सामने आने के बाद उसी दिन जरूरी व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। स्कूल में तीन नए शिक्षक पहुंच चुके हैं, जबकि एक और शिक्षक की जल्द पदस्थापना की जाएगी।

पेंड्रावन स्कूल में करीब 400 से 500 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। छात्रों ने 9वीं से 12वीं तक पर्याप्त शिक्षक नहीं होने की बात कहते हुए कम से कम 17 शिक्षकों की मांग की थी। खासकर Arts और Commerce विषयों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत छात्रों ने की थी।

इसी मांग को लेकर छात्रों ने 21 अगस्त और फिर 25 अगस्त को धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। 25 अगस्त का आंदोलन करीब 12 घंटे चला और रात 12 बजे शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत तथा आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया था।

इसके बाद विभाग की ओर से प्राचार्य को हटाने, तीन नए शिक्षकों की व्यवस्था करने और एक अन्य शिक्षक की जल्द पदस्थापना का निर्णय लिया गया। गुरुवार को मंत्री ने स्कूल पहुंचकर इन व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्कूल में पहुंचे तीन शिक्षकों से भी बातचीत की।

मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि छात्रों के आंदोलन की जानकारी मिलने के बाद विभागीय बैठक में तत्काल निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पर तीन शिक्षकों की व्यवस्था की गई और प्राचार्य का दूसरी जगह तबादला किया गया। अंडा गांव से नए प्राचार्य की व्यवस्था की गई है।

स्कूल निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई पर ध्यान देने और मन लगाकर पढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्कूल की व्यवस्थाएं ठीक हैं, लेकिन लगातार monitoring की जरूरत है। अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बातचीत के दौरान एक छात्रा ने शिक्षकों की कमी के अलावा स्कूल में पानी की समस्या भी बताई। छात्रा ने पर्याप्त पानी और Water Cooler की व्यवस्था नहीं होने की बात रखी। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और दो दिनों के भीतर पानी तथा Water Cooler की व्यवस्था करने की बात कही।

स्कूल पहुंचने के बाद मंत्री ने आंदोलन में शामिल रहे छात्र-छात्राओं के साथ selfie ली और उनके साथ एक video भी बनाया। वीडियो में छात्रों ने अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए शिक्षा मंत्री को धन्यवाद दिया।
मंत्री ने छात्रों से कहा कि उन्होंने फोन पर बातचीत की बात कही थी, लेकिन वह खुद उनसे मिलने स्कूल पहुंचे हैं। उन्होंने नए शिक्षकों को बेहतर पढ़ाई कराने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से भी बातचीत की। स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ उन्होंने अधिकारियों को monitoring जारी रखने के निर्देश दिए।

मंत्री ने दुर्ग जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ाई नियमित कराने पर विभाग के focus की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में JEE और NEET की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है।

गांवों के विद्यार्थियों तक इस तैयारी का लाभ पहुंचाने के लिए e-portal के जरिए बड़े coaching संस्थानों और उनके faculty की मदद से विशेष coaching उपलब्ध कराने की योजना बताई गई। मंत्री के मुताबिक स्कूलों में विषयवार विशेषज्ञों की मदद से पढ़ाई बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।

इसी विषय को लेकर गुरुवार शाम 5 बजे दुर्ग जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों से संबंधित संयुक्त संचालकों की बैठक भी रखी गई थी।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال