![]() |
| इंदिरा नगर बघेरा में घटना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस। |
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक कैलाश देवांगन इंदिरा नगर बघेरा का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक दोनों भाई बघेरा इलाके में अलग-अलग च्वाइस सेंटर चलाते थे और सेंटर से होने वाले पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों के च्वाइस सेंटर अलग-अलग थे। इनमें एक पुराना और दूसरा नया सेंटर था। पुराना सेंटर अधिक चलता था, जबकि नए सेंटर पर अपेक्षाकृत कम ग्राहक आते थे। इसी स्थिति को देखते हुए उनके पिता ने दोनों भाइयों के बीच बराबरी बनाए रखने के लिए तीन-तीन दिन दुकान पर बैठने की बात कही थी।
इसी दौरान छोटे भाई कैलाश ने बड़े भाई देवेंद्र से सेंटर की कमाई का हिसाब मांगा था। कैलाश का कहना था कि उसके दुकान पर बैठने के दौरान ज्यादा पैसा आता है, जबकि देवेंद्र के बैठने पर कम आमदनी होती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रात में विवाद हुआ था।
Source के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे जब कैलाश गहरी नींद में था, उसी दौरान देवेंद्र ने उस पर हमला कर दिया। घटना के समय घर में दोनों भाइयों के अलावा उनके माता-पिता भी मौजूद थे। पिता ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों से मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम जब इंदिरा नगर बघेरा पहुंची, तब तक कैलाश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र देवांगन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच विवाद की पूरी वजह की जांच कर रही है। पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद किस बात से शुरू हुआ और घटना के समय दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होगा। फिलहाल कैलाश देवांगन की हत्या के मामले में उसके बड़े भाई देवेंद्र देवांगन को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोतवाली पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
