![]() |
| डुण्डेरा में नशीली टेबलेट बिक्री के मामले में पुलिस की कार्रवाई। |
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 71 पत्तों में कुल 1065 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट और बिक्री से मिले 3500 रुपए नकद बरामद किए गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ के आधार पर इस अवैध बिक्री से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।
डुण्डेरा के गायत्री नगर में मिली थी सूचना
सूचना के मुताबिक, 15 अगस्त को उतई थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि ग्राम डुण्डेरा के गायत्री नगर में केवेन्द्र पटेल ( छोटा ) अपने दोस्तों के साथ नशे वाले गोलियां बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए उतई थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताए गए हुलिए के आधार पर केवेन्द्र पटेल और एक नाबालिग को पकड़ लिया। दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से नशीली टेबलेट बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया टेबलेट खरीदने का मामला
पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया गया कि बरामद टेबलेट मरोदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में बताए गए अन्य लोगों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक को भी पकड़ लिया। इस तरह मामले में कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जबकि एक अपचारी बालक को विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया।
1065 अल्प्राजोलम टेबलेट और 3500 रुपए जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 71 पत्तों में 1065 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद की। इसके साथ ही बिक्री से मिले 3500 रुपए नकद भी जब्त किए गए।
बरामद टेबलेट को जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के पास भेजा गया था। जांच में इन टेबलेट के प्रतिबंधित नशीली दवा होने की पुष्टि हुई।
NDPS Act की धारा 22 के तहत मामला दर्ज
जांच में प्रतिबंधित नशीली दवा की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने NDPS Act की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशीली टेबलेट अवैध तरीके से हासिल कर उनकी बिक्री करते थे।
पुलिस ने सूचना के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कार्रवाई की और अलग-अलग जगहों से आरोपियों को पकड़ा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा (27), जीतू नायक उर्फ पोटरा (19), इब्राहिम अली खान (46), देवेन्द्र निर्मलकर (24) और घनश्याम गुप्ता (30) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक अपचारी बालक को भी विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
