![]() |
| दुर्ग जिले में चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा। |
पुलिस ने वारदातों में इस्तेमाल किए गए औजार और बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमधा में सूने घर का ताला तोड़कर चोरी
पहला मामला धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम रौंदा का है। यहां 3 अगस्त को एक घर का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। शाहजहां बेगम घर में ताला लगाकर पिपरिया गई थीं। अगले दिन रात करीब 8 बजे लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था।
जांच के दौरान पता चला कि पलंग के गद्दे के नीचे रखे 5 हजार रुपए और अलमारी की चाबी गायब थी। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला। उसमें रखे सोने के तीन मनके वाली पत्ती और 13 तोला चांदी की पायल भी चोरी हो गई थी। चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई।
पुलिस ने जांच के दौरान ग्राम रौंदा निवासी 25 वर्षीय करण दास मानिकपुरी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में करण ने इस चोरी के अलावा रौंदा क्षेत्र में पांच अलग-अलग चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई।
आरोपी के घर से जेवर और अन्य सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक करण के घर से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, लैपटॉप और टूल्लू पंप समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2025 में ग्राम रौंदा की पूर्व माध्यमिक शाला का ताला तोड़ने के बाद लैपटॉप, चार्जर और माउस चोरी करअपने साथ ले गया था ।
इसके अलावा संत राम देवांगन का टूल्लू पंप चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ पेचकस, रॉड और बाइक जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.90 लाख रुपए बताई गई है।
सुपेला में राहगीर से मोबाइल छीनने का मामला
दूसरी घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है। 12 अगस्त की रात धमधा नाका दुर्ग के पास चश्मे की दुकान लगाने वाले सिद्धार्थ खोब्रागड़े खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। रात करीब 9:40 बजे चंद्रा मौर्या तिराहा के पास सर्विस रोड पर ओम साईं राम बंगले के नजदीक एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा।
आरोप है कि व्यक्ति ने सिद्धार्थ का गला दबाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके हाथ से Realme मोबाइल फोन जबरदस्ती छीन लिया और मौके से भाग गया। 13 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सूचना मिली कि एक युवक बीएम शाह अस्पताल के पास रामनगर मार्केट में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम 30 वर्षीय अर्जुन नेताम बताया। पुलिस के मुताबिक उसने मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से करीब 6 हजार रुपए कीमत का Realme मोबाइल बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुरानी भिलाई में इंजीनियरिंग पार्क के शेड से वायर चोरी
तीसरा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग पार्क हथखोज का है। यहां शेड एफ-01 का ताला तोड़कर करीब 350 मीटर बिजली वायर चोरी किया गया था। चोरी हुए वायर की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पहले रवि राव उर्फ विठ्ठल को गिरफ्तार किया था। उसके पास से अलग-अलग रंगों में कटे हुए बिजली के वायर, कटर और प्लास्टिक का मुखौटा बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस फरार आरोपी कुलदीप कौशिक की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने कुलदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने साथी के साथ मिलकर शेड से बिजली वायर चोरी करने की बात स्वीकार की।
कुलदीप के कब्जे से पीले रंग के थैले में लाल, पीले, नीले, काले और नारंगी रंग के कई टुकड़ों में कटे वायर बरामद किए गए। वायर काटने में इस्तेमाल थर्माकोल कटर भी जब्त किया गया। बरामद वायर की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।
कुलदीप को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान को जब्त किया है।
