![]() |
| पेंड्रा गांव में हत्या के बाद आरोपी को गिरफ्तार करती पुलिस। |
वारदात के बाद आरोपी अपने घर के अंदर छिप गया और पुलिस को उसे गिरफ्तार करने के लिए करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी ने पुलिस जवानों पर गुलेल से हमला भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शोभा और मैनपुर थाना क्षेत्र के 50 से अधिक जवानों के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पत्नी के मायके जाने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और नशे का आदी है। कुछ समय तक दवा लेने के बाद उसने शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के बीच उसने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके व्यवहार में आक्रामकता आने लगी और घर में विवाद की स्थिति बनने लगी।
बीती रात भी आरोपी का अपनी पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। गुरुवार सुबह आरोपी के उठने से पहले ही जागेश्वरी घर छोड़कर मायके चली गई। सुबह करीब 6 बजे हीरा नागेश पत्नी की तलाश करने लगा। इसी दौरान उसका नरेंद्र से विवाद हुआ और उसने उस पर हमला कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने अपने पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर हमला किया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घर में बंद हुआ आरोपी, पुलिस पर गुलेल से हमला
हत्या की सूचना मिलने के बाद शोभा पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी ने खुद को अपने घर के अंदर बंद कर लिया और पुलिस के पहुंचने पर जवानों पर गुलेल से हमला किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की भी जानकारी सामने आई।
स्थिति को संभालने के लिए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस जवानों ने हेलमेट पहनकर मोर्चा संभाला और घर की छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा।
इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला, लेकिन करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। आखिरकार पुलिस जवानों ने उसे काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।
50 से ज्यादा जवानों ने करीब 7 घंटे की मशक्कत
आरोपी को पकड़ने के लिए शोभा और मैनपुर थाना क्षेत्र के 50 से अधिक पुलिस जवानों को करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने हीरा नागेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी में है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
वारदात के बाद दहशत में रहा पेंड्रा गांव
हत्या की वारदात और आरोपी के कई घंटे तक गांव में बने रहने से पेंड्रा में दहशत का माहौल रहा। सड़क पर शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोग सुरक्षा की वजह से अपने घरों में ही रहे।
स्थिति को देखते हुए गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए। वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की मौजूदगी बनी रही।
