कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख और डीएसपी पदोन्नति

 

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सम्मान प्राप्त करतीं ज्ञानेश्वरी यादव
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव को सम्मानित कर 30 लाख रुपये और डीएसपी पदोन्नति की घोषणा की।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। इसके साथ ही उन्हें आउट ऑफ टर्न पदोन्नति देकर डीएसपी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में ज्ञानेश्वरी का सम्मान करते हुए यह घोषणा की।

ज्ञानेश्वरी यादव फिलहाल पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 53 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अनुशासन, कड़ी मेहनत और मजबूत संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने की नीति आगे भी जारी रहेगी। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करें।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال