![]() |
| राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के सामने इंटर्न डॉक्टरों का सांकेतिक प्रदर्शन। |
आंदोलन के 14वें दिन राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के सामने इंटर्न डॉक्टरों ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। डॉक्टर ‘एमबीबीएस चाय वाला’ बनकर सड़क पर उतरे और टी-स्टॉल लगाकर चाय बेची। इस सांकेतिक प्रदर्शन के जरिए उन्होंने सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने की कोशिश की।
टी-स्टॉल लगाकर डॉक्टरों ने जताया विरोध
इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर हर दिन अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रदर्शन स्थल पर टी-स्टॉल लगाया गया, जहां डॉक्टरों ने चाय बेचकर स्टायपेंड बढ़ाने की मांग को सामने रखा।
डॉक्टरों का कहना है कि एमबीबीएस की कठिन पढ़ाई और NEET की परीक्षा पास करने के बाद भी उन्हें वर्तमान में 15 हजार रुपये का मासिक स्टायपेंड मिलता है। उनके मुताबिक, यह राशि दिन के हिसाब से करीब 530 रुपये बैठती है।
सरकार से जल्द समाधान की मांग
इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार से अपनी मांग का जल्द निराकरण करने की अपील की है। उनका कहना है कि मांग पूरी होने के बाद वे वापस अपने काम पर लौटना चाहते हैं।
इस प्रदर्शन का उद्देश्य स्टायपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। ‘एमबीबीएस चाय वाला’ के रूप में किया गया यह सांकेतिक प्रदर्शन सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा।
