![]() |
| सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर फायरिंग के मामले में आरोपी गिरफ्तार। |
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की दोपहर ग्राम गुढ़ीयारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर श्रमिक बिसहत यादव (46) और अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान रायपुर के टैगोर नगर निवासी अविचल अग्रवाल (52) अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से वहां पहुंचा।
आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद अविचल अग्रवाल ने निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। इस दौरान उसने जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकी दी।
फायरिंग के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से मौके से फरार हो गया। घटना से निर्माण स्थल पर मौजूद श्रमिकों के बीच दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद श्रमिक पाटन के जामगांव आर थाना पहुंचे और अविचल अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ और मामले की आगे की जांच के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
