![]() |
| रायपुर में युवक से मारपीट और बाइक लूट के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी। |
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक को घेरकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान युवक की नाक और दाहिने पैर में चोट आई। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बलराम साहू (38) ने 23 अगस्त को डीडीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे वह मोटरसाइकिल से रायपुरा स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर, महादेव घाट जाने के लिए निकला था।
बलराम के अनुसार, उसने मंदिर के गेट के पास अपनी बाइक खड़ी की थी। जब वह वापस आया, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट में उसकी नाक और दाहिने पैर में चोट लगी। इसके बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद डीडीनगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर राज मिश्रा (22), यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा (22) और अभिषेक पटेल उर्फ सोनू (20) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में फरार बताए जा रहे एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही प्रकरण की आगे की जांच जारी है।
