छत्तीसगढ़ में बारिश अलर्ट, कोरबा के 35 गांवों में बाढ़ अलर्ट

 

छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच कोरबा के मिनीमाता बांगो डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ अलर्ट
कोरबा में मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ अलर्ट।
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग में कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन तक बारिश का दौर बना रह सकता है। प्रदेश में अब तक सीजन की बारिश सामान्य से 9% कम है।

कोरबा में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन डैम के 5 गेट खोलकर 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा गया। इसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी करते हुए मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है।

कोरबा में इन गांवों में बाढ़ का अलर्ट

मिनीमाता बांगो डैम के 5 गेट खोले जाने के बाद प्रशासन ने बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे में कोटाडोल में सबसे ज्यादा 130 MM बारिश दर्ज हुई। शंकरगढ़ और पोड़ी उपरोड़ा में 110-110 MM बारिश हुई। सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथनगर में 80-80 MM, जबकि जनकपुर-भरतपुर में 70 MM बारिश रिकॉर्ड की गई।

बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली और सामरी में 60-60 MM बारिश हुई। रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में 50-50 MM पानी गिरा।

पाली, बगीचा, रामचंद्रपुर, दुलदुला, सीपत, करतला और जगदलपुर में 40-40 MM बारिश दर्ज हुई। पेंड्रा, रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़, कांसाबेल, कुसमी, कोंटा, बस्तर, जशपुरनगर, नवागढ़, मरवाही, पामगढ़, केल्हारी, पेंड्रा रोड, चांदो, बिलासपुर, अकलतरा, टोकापाल, सकरी, सकौला, बैकुंठपुर और खड़गवां में 30 MM तक बारिश हुई।

आज भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

बंगाल की खाड़ी में नए लो प्रेशर की संभावना

दक्षिण-पूर्वी झारखंड और आसपास के क्षेत्र में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन करीब 4.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे में यह सिस्टम कमजोर हो सकता है।

वहीं नॉर्थ-वेस्ट बंगाल की खाड़ी में 5.8 से 7.6 किमी की ऊंचाई पर एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटे में नॉर्थ बंगाल की खाड़ी में नई लो दबाव इलाका में बनने की अंदेशा है।

छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच कोरबा के मिनीमाता बांगो डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ अलर्ट

इसके अलावा करीब 22° नॉर्थ लैटीट्यूड के आसपास शियर जोन भी बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक मैक्सिमम टेम्परेचर 31.6°C दुर्ग में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम मिनिमम टेम्परेचर 22°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में अब तक 9% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी (26.3 इंच) बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिमी (28.9 इंच) होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक 65.6 मिमी (2.6 इंच) कम बारिश दर्ज हुई है।


बारिश में यह कमी 9 प्रतिशत है। हालांकि मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की कुल बारिश अभी सामान्य श्रेणी में बनी हुई है।

नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश

जिलेवार आंकड़ों में नारायणपुर सबसे आगे है। यहां 1043.9 मिमी (41.1 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य बारिश 780.7 मिमी (30.7 इंच) है। यानी जिले में सामान्य से 34 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी (37.3 इंच), बीजापुर में 870.6 मिमी (34.3 इंच), जांजगीर में 857.3 मिमी (33.8 इंच) और महासमुंद में 835.6 मिमी (32.9 इंच) बारिश दर्ज हुई है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से सबसे ज्यादा बारिश

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य के मुकाबले सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य बारिश 598.2 मिमी (23.6 इंच) के मुकाबले 948.2 मिमी (37.3 इंच) बारिश हुई है। यह सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक है।

छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच कोरबा के मिनीमाता बांगो डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ अलर्ट

इसके बाद नारायणपुर में 34 प्रतिशत, मुंगेली में 32 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 28 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत और जांजगीर में 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

सरगुजा में बारिश की सबसे ज्यादा कमी

प्रदेश में सामान्य बारिश के मुकाबले सबसे ज्यादा कमी सरगुजा में दर्ज हुई है। यहां सामान्य 773.2 मिमी (30.4 इंच) के मुकाबले 379.6 मिमी (14.9 इंच) बारिश हुई है, जो सामान्य से 51 प्रतिशत कम है।

इसके बाद जशपुर में 45 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत, कांकेर में 35 प्रतिशत, सूरजपुर में 22 प्रतिशत और बस्तर तथा कबीरधाम में 21-21 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में सामान्य से 13% ज्यादा बारिश

राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी (28.7 इंच) बारिश दर्ज हुई है। यहां सामान्य बारिश 641.9 मिमी (25.3 इंच) है, यानी अब तक 85.9 मिमी (3.4 इंच) ज्यादा बारिश हुई है। इस तरह रायपुर में बारिश सामान्य से 13% अधिक रही है।

प्रदेश के 33 जिलों में से 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं। वहीं 6 जिलों में सामान्य से ज्यादा और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال