![]() |
| रायपुर में बैंक मैनेजर को 2 करोड़ रुपये की FD का झांसा देकर 4.99 लाख रुपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया। |
बैंक मैनेजर श्वेता शर्मा की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और बैंक खाते से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को श्वेता शर्मा के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया था। कॉल रिसीव नहीं होने पर उसने मैसेज के जरिए संपर्क किया और अपना नाम प्रशांत मंधान बताते हुए खुद को इंटारा कार कंपनी का संचालक बताया।
21 अगस्त को आरोपी ने करीब 2 करोड़ रुपये की FD कराने की इच्छा जताई और ब्याज दर के बारे में जानकारी ली। बैंक मैनेजर ने उसे 6.45 प्रतिशत ब्याज दर बताई। इसके बाद आरोपी ने सोमवार को बैंक आने की बात कही।
24 अगस्त को आरोपी ने दोबारा संपर्क किया। उसने दावा किया कि उसकी चेकबुक खत्म हो गई है और उसे तत्काल मेडिकल भुगतान करना है। इसके लिए उसने 4 लाख 99 हजार रुपये RTGS के जरिए ट्रांसफर करने को कहा।
बैंक मैनेजर के मुताबिक, आरोपी ने इसके लिए एक फर्जी ई-मेल आईडी से भुगतान आवेदन भेजा। दस्तावेज और हस्ताक्षर का मिलान करने के बाद बैंक मैनेजर ने दोपहर करीब 1:20 बजे रकम मुंबई के कुर्ला स्थित केनरा बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी।
करीब 40 मिनट बाद संबंधित कंपनी के मैनेजर ने फोन कर बताया कि कंपनी की ओर से ऐसा कोई भुगतान आवेदन नहीं भेजा गया था। इसके बाद मामले में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी भी कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं पाए गए। इसके बाद बैंक मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अब पुलिस आरोपी की पहचान करने के लिए मोबाइल नंबर और ई-मेल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही 4 लाख 99 हजार रुपये जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, उससे जुड़े लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
