गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, 2 करोड़ का माल और 5 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्ती की पुलिस कार्रवाई
गरियाबंद पुलिस ने खुटगांव चेक पोस्ट पर कार्रवाई के दौरान करीब 400 किलो गांजा जब्त किया।
गरियाबंद में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 400 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कार्रवाई 24 अगस्त की रात NH-130C स्थित खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर हुई। देवभोग थाना पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई।

पुलिस के मुताबिक, वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके पैकेट रखे थे। तलाशी के दौरान इन पैकेटों से करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि उनके आगे एक बाइक पर दो लोग पायलटिंग कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक क्रमांक OD 08 W 5814 पर सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को गिरफ्तार किया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने गांजा सप्लाई के स्रोत के बारे में आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र के डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से खरीदने की बात बताई।

इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची और विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से गांजा बिक्री से मिले 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 400 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये बताई गई है, के अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, ग्लैमर बाइक, तीन मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम को बधाई दी है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال