![]() |
| रायपुर में महिला का बैग लेकर रेपिडो चालक के फरार होने का मामला सामने आया। |
पीड़िता की पहचान सत्य सरोज के रूप में बताई गई है। पुरानी बस्ती पुलिस के अनुसार, भीमनगर स्थित श्रीजन विला में रहने वाली महिला रविवार शाम करीब 4:15 बजे सिविल लाइन की सिंचाई कॉलोनी से रेपिडो एप के माध्यम से बाइक बुक कर घर के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद नीले रंग की स्कूटी लेकर चालक वहां पहुंचा। उसने नीले रंग का रेनकोट पहन रखा था।
महिला शास्त्री चौक पहुंचीं और इसके बाद आमापारा चौक गईं। वहां उन्होंने फल खरीदे और उन्हें अपने बैग में रख लिया। बैग अधिक भारी होने के कारण उन्होंने उसे स्कूटी पर चालक के पैरों के पास रख दिया। इसी बैग में उनके दो मोबाइल फोन भी मौजूद थे।
इसके बाद चालक महिला को वंदना ऑटो होते हुए भीमनगर लेकर पहुंचा। महिला जब स्कूटी से नीचे उतरकर अपना सामान लेने लगीं, तभी चालक किराया लिए बिना ही तेजी से वहां से निकल गया। महिला ने आवाज देकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका।
रास्ते में जाम मिलने के चलते चालक कुछ समय बाद दोबारा नजर आया। महिला को देखते ही उसने स्कूटी दूसरी गली की तरफ मोड़ ली और वहां से चला गया। इसके बाद महिला ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने बेटे को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बैग में ओप्पो रेनो 16सी मॉडल का मोबाइल था, जिसकी कीमत 30 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा बैग में रेडमी 13सी मोबाइल भी था, जिसकी कीमत 10 हजार रुपए है। पुलिस ने अज्ञात रेपिडो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
