भिलाई में शिवमहापुराण कथा को लेकर बढ़ी हलचल, 16 अगस्त को कलश यात्रा

 

भिलाई के जयंती स्टेडियम में शिवमहापुराण कथा के लिए जुटे श्रद्धालु और तैयार किया गया मुख्य पंडाल
जयंती स्टेडियम में शिवमहापुराण कथा के लिए जुटे श्रद्धालु
भिलाई के जयंती स्टेडियम में होने वाली शिवमहापुराण कथा के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। कथा 17 अगस्त से शुरू होनी है और इससे चार दिन पहले ही बड़ी संख्या में शिवभक्त कथा स्थल पर डेरा डाल चुके हैं। मुख्य पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालु अपने सामान के साथ ठहरे हुए हैं और कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का इंतजार कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। भक्तों का कहना है कि वे देवाधिदेव महादेव के दरबार में अपनी मनोकामना पूरी होने का विश्वास और समर्पण लेकर आए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बोल बम सेवा व कल्याण समिति की ओर से भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

कथा की तैयारियों के बीच बोल बम सेवा व कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने शुक्रवार को महिलाओं के साथ बैठक की। बैठक में 16 अगस्त को होने वाली कलश यात्रा को भव्य बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक के बाद स्वतंत्रता दिवस के पूर्व तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। दया सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने कथा स्थल के चारों तरफ तिरंगा लेकर रैली में हिस्सा लिया। रैली के बाद देशभक्ति गीतों से माहौल देशभक्ति के रंग में नजर आया।

कलश यात्रा का रूट तय

16 अगस्त को होने वाली कलश यात्रा सुबह 10 बजे सेक्टर 5 स्थित गणेश मंदिर से शुरू होगी। यहां से यात्रा सिविक सेंटर, सेंट्रल ऐवेन्यू और ग्लोब चौक पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा सिविक सेंटर रोड से मिराज टॉकिज की ओर मुड़ेगी और सेक्टर 10 एरिया से होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी।

कलश यात्रा में हरियाणा प्रदेश की मां पार्वती और भोलेनाथ से जुड़ी जीवंत झांकी भी शामिल होगी। आयोजकों के अनुसार, भिलाईवासियों को इस झांकी का नजारा देखने को मिलेगा।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था

कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सेक्टर 7 स्कूल का मैदान, कोतवाली थाने के पीछे, सिविक सेंटर कला मंदिर के सामने, भिलाई हॉटल के सामने हेलीपेड स्थल और भिलाई विद्यालय में वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

इन स्थानों पर वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालु पैदल कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए पांच प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال