![]() |
| छत्तीसगढ़ में एक समान परीक्षा प्रणाली लागू। |
लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के अनुसार अब पूरे प्रदेश में निर्धारित तिथियों पर एक समान पैटर्न के तहत परीक्षाएं आयोजित होंगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, नकल पर रोक लगाने और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला स्तर पर गठित समिति के पास रहेगी। विभाग का उद्देश्य पूरे प्रदेश में परीक्षा प्रणाली और मूल्यांकन की प्रक्रिया को एकरूप बनाना है।
आदेश के अनुसार तिमाही परीक्षाएं 21 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी, जबकि छमाही परीक्षाएं 1 से 11 दिसंबर 2026 के बीच होंगी। विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से सभी स्कूलों में समान परीक्षा प्रणाली लागू होगी और गुणवत्ता के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
डीपीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन के दौरान यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी और शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जिले में जिला परीक्षा समिति बनाई जाएगी। इस समिति की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे, जबकि सहायक संचालक (प्रशासन) सदस्य सचिव होंगे। समिति में दो वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक तथा प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के प्रधान पाठकों को भी शामिल किया गया है।
समिति की जिम्मेदारी विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का पैनल तैयार करना होगी। यही पैनल निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर प्रश्नपत्र तैयार करेगा और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करेगा। प्रश्नपत्रों की गोपनीय छपाई और बंडलिंग भी समिति की निगरानी में होगी। परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले इन्हें सुरक्षित तरीके से संकुल और विकासखंड स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर स्कूलों का औचक एवं सघन निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का समय पर निष्पक्ष मूल्यांकन कराया जाएगा और विद्यार्थियों के प्राप्तांक का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा।
जारी समय सारिणी के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होंगी। कक्षा 6 से 8 तक का परीक्षा समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
21 सितंबर की तिमाही और 1 दिसंबर की छमाही परीक्षा में कक्षा 1 से 8 तक हिन्दी, कक्षा 9 हिन्दी, कक्षा 10 गणित, कक्षा 11 हिन्दी और कक्षा 12 अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। 22 सितंबर और 2 दिसंबर को कक्षा 1 से 8 गणित, कक्षा 9 अंग्रेजी, कक्षा 10 हिन्दी, कक्षा 11 अंग्रेजी तथा कक्षा 12 हिन्दी का पेपर होगा।
23 सितंबर और 3 दिसंबर को कक्षा 1 से 5 अंग्रेजी, कक्षा 6 से 8 विज्ञान, कक्षा 9 गणित, कक्षा 10 अंग्रेजी, कक्षा 11 के लिए भौतिक शास्त्र, भूगोल और व्यवसाय अध्ययन तथा कक्षा 12 के लिए जीवविज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र सहित निर्धारित वैकल्पिक विषयों की परीक्षा आयोजित होगी।
24 सितंबर और 4 दिसंबर को कक्षा 3 से 5 पर्यावरण, कक्षा 6 से 8 अंग्रेजी, कक्षा 9 विज्ञान, कक्षा 10 सामाजिक विज्ञान, कक्षा 11 के लिए रसायनशास्त्र, लेखाशास्त्र, राजनीति विज्ञान सहित निर्धारित विषय तथा कक्षा 12 के लिए गणित, कम्प्यूटर एप्लीकेशन सहित निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी।
25 सितंबर और 5 दिसंबर को कक्षा 6 से 8 सामाजिक विज्ञान, कक्षा 9 सामाजिक विज्ञान, कक्षा 10 संस्कृत एवं अन्य तृतीय भाषाएं तथा कक्षा 11 और 12 के निर्धारित वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी।
26 सितंबर और 7 दिसंबर को कक्षा 6 से 8 संस्कृत, कक्षा 9 संस्कृत, कक्षा 10 विज्ञान, कक्षा 11 गणित एवं अन्य विषय तथा कक्षा 12 के लिए रसायनशास्त्र, लेखाशास्त्र, राजनीति विज्ञान सहित निर्धारित विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
28 सितंबर और 8 दिसंबर को कक्षा 9 और 10 के व्यावसायिक विषय तथा कक्षा 11 और 12 के इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, गणित, ड्राइंग एवं पेंटिंग या आहार एवं पोषण विषयों की परीक्षा होगी। 29 सितंबर और 9 दिसंबर को केवल कक्षा 11 और 12 की संस्कृत एवं अन्य तृतीय भाषा की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं 30 सितंबर और 11 दिसंबर को केवल कक्षा 11 और 12 के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा के साथ परीक्षा सत्र समाप्त हो जाएगा।
