दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टिकट दलाल गिरफ्तार, तत्काल टिकट पर वसूलता था अतिरिक्त रकम

 

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई में गिरफ्तार टिकट दलाल, जब्त रेलवे टिकट और मोबाइल से मिले सबूत
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टिकट दलाली के आरोप में आरपीएफ की कार्रवाई।

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने टिकटों की कालाबाजारी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके पास से दो कन्फर्म रेलवे टिकट, रिजर्वेशन फॉर्म और मोबाइल फोन में टिकट बुकिंग से जुड़े कई अहम सबूत बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सामान्य और तत्काल टिकट बनवाकर यात्रियों से निर्धारित किराए के अलावा अतिरिक्त पैसे लेता था।

आरपीएफ के अनुसार 29 जुलाई 2026 को जांच अभियान के दौरान टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके पास से रेलवे के दो आरक्षित टिकट और रिजर्वेशन फॉर्म मिले। इसके बाद अधिकारियों ने उसके मोबाइल की जांच की, जिसमें व्हाट्सएप चैट, यात्रियों के टिकट बनवाने से जुड़े संदेश और टिकटों की फोटो कॉपी मिली। इन सबूतों के आधार पर उससे विस्तार से पूछताछ की गई।

यह भी पढ़े : भिलाई में सुबह दो जगह चेन स्नैचिंग, बुजुर्ग महिलाओं से सोने की चेन लूटी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यात्रियों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग रेलवे काउंटरों से सामान्य और तत्काल टिकट बनवाता था। इसके बदले वह टिकट के तय किराए से अधिक रकम वसूलता था। आरपीएफ ने बताया कि रेलवे टिकट की दलाली रेलवे अधिनियम के तहत अपराध है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े : दुर्ग में सरकारी योजनाओं के नाम पर 6.33 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील खान (55 वर्ष), पिता समीउल्ला खान, निवासी वार्ड नंबर-10, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आरपीएफ पोस्ट दुर्ग में अपराध क्रमांक 2751/26 दर्ज किया गया है। आरोपी पर रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ ने आरोपी के कब्जे से मिले दो रेलवे टिकट भी जब्त किए हैं। इन टिकटों की कुल कीमत 2,990 रुपए बताई गई है। इन टिकटों को रद्द कराने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रायपुर को पत्र भेजा गया है।


यह भी पढ़े : 3 अगस्त को सीएम हाउस का घेराव करेगी कांग्रेस, महंगी बिजली के खिलाफ 3 दिन का आंदोलन


आरपीएफ के मुताबिक टिकट दलालों के खिलाफ महा निरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ बिलासपुर और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रायपुर के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरपीएफ थाना दुर्ग प्रभारी संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक डीके सिंह और उनकी टीम रिजर्वेशन काउंटर पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान यह कार्रवाई की गई।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال