![]() |
| महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस ने 3 अगस्त को सीएम हाउस घेराव का ऐलान किया। |
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन करने की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पार्टी 1 अगस्त से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से तीन दिवसीय अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता, घर-घर जनसंपर्क और आवेदन अभियान चलाया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक राशि वाले बिजली बिल मिल रहे हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी से आम लोगों के घरेलू खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस गांवों और शहरों में लोगों के बीच पहुंचेगी और सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करेगी।उन्होंने बताया कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है। अब इस अभियान को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप दिया जा रहा है, ताकि हर बिजली उपभोक्ता अपनी समस्या सरकार तक पहुंचा सके।
1 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि इन आवेदनों के माध्यम से सरकार पर बिजली दरों की समीक्षा करने और उपभोक्ताओं को राहत देने का दबाव बनाया जाएगा।
3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बिजली उपभोक्ता शामिल होंगे।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर यह आंदोलन चला रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार बिजली दरों और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर कोई राहत नहीं देती है, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
