भिलाई शिवमहापुराण कथा स्थल पर 7 दिन में 7 दोपहिया वाहन चोरी

भिलाई के जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा के दौरान वाहन पार्किंग का दृश्य
जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा के दौरान दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें सामने आईं।
दुर्ग के भिलाई स्थित जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा के दौरान वाहन चोरी के मामले सामने आए हैं। 17 से 23 अगस्त तक चली सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में सात दिनों के दौरान दोपहिया वाहन चोरी होने की 7 शिकायतें पुलिस तक पहुंचीं। इनमें 5 बाइक और 2 स्कूटी शामिल हैं।

कथा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी भीड़ के बीच अलग-अलग जगहों पर वाहन पार्क करने के बाद उनके गायब होने की शिकायतें सामने आईं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20 अगस्त को टी. चंदु राव पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपनी होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। दोपहर करीब 3 बजे लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली।

22 अगस्त को शंकर लाल साहू और दर्शन लाल फुल्लारे की बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई। शंकर लाल ने दोपहर करीब 1 बजे अपनी हीरो पैशन प्रो एसपीए को रोड किनारे खड़ा किया था। शाम 5 बजे वापस आने पर बाइक गायब मिली।

इसी दिन दर्शन लाल फुल्लारे की हीरो पैशन प्रो भी चोरी हो गई। उन्होंने बाइक सुबह करीब 10:30 बजे खड़ी की थी और शाम 5 बजे लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला।

एक अन्य मामले में देव कुमार साहू होंडा डियो स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 9 बजे स्कूटी खड़ी की और पंडाल में चले गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो स्कूटी गायब थी।

आशीष चंदेल भी कथा सुनने पहुंचे थे। उनके नाम के बजाय पिता के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से वह कार्यक्रम स्थल आए थे। बाइक सुबह करीब 10:30 बजे हैलीपैड के पास खड़ी की गई थी और शाम 4 बजे लौटने पर वहां नहीं मिली।

20 अगस्त को ज्योति साहू भी अपनी मां के साथ एक्टिवा से कथा सुनने आई थीं। उन्होंने गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी की थी और पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर स्कूटी गायब मिली। स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज रखे होने की जानकारी दी गई है।

एक अन्य शिकायत चुम्मन लाल देवांगन की है। वह अपने साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। बाइक रात करीब 7:30 बजे हैलीपैड पर खड़ी की गई थी। रात 10:30 बजे लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली।

लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर लिया है। अब कथा स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरी की घटनाओं से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया। भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच CCTV फुटेज और दर्ज शिकायतों के आधार पर आगे बढ़ रही है। चोरी हुए वाहनों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी को लेकर जांच की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं की गई है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال