बिलासपुर में शादी का झांसा देकर ठगी, आरोपी पत्नी समेत गिरफ्तार

 

बिलासपुर शादी का झांसा देकर ठगी मामले में आरोपी और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी
बल्लभगढ़ से आरोपी और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कार्रवाई।
बिलासपुर में शादी का झांसा देकर युवती से दैहिक शोषण और करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने लेने के मामले में पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों को हरियाणा के बल्लभगढ़ से पकड़ा गया। मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है।

कोरबा निवासी 21 वर्षीय युवती तोरवा क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट के जरिए पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव से हुई। पवन सरकंडा क्षेत्र में रहता था और उसने युवती को खुद के अविवाहित होने की जानकारी देकर शादी का भरोसा दिलाया।

युवती के अनुसार, शादी का झांसा देकर पवन ने उसका विश्वास जीता और बाद में उसका दैहिक शोषण किया। इसके बाद उसने नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से नकदी और सोने-चांदी के जेवर लिए। इन गहनों की कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है।

युवती ने 9 मार्च को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोपी फरार हो गया। बताया गया कि वह अपनी पत्नी नवीता के साथ लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस ने आरोपी की तलाश में पामगढ़ और सरकंडा स्थित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन पवन का पता नहीं चल सका। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी खंगाली। पवन के अधिकांश बैंक खाते बंद मिले, जबकि उसकी पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लगातार लेन-देन जारी था।

पुलिस ने इस खाते में हुए ट्रांजेक्शन की जांच की। इसी दौरान हरियाणा के बल्लभगढ़ में राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई। इससे पुलिस को पवन और नवीता के बल्लभगढ़ में होने का सुराग मिला।

तोरवा टीआई रजनीश सिंह ने खाते से जुड़े सुराग की पुष्टि के लिए उसमें एक रुपए का ट्रांजेक्शन किया। इसके बाद खाते से जुड़े च्वाइस सेंटर और उपलब्ध अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ में आरोपियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेन-देन से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पवन कुमार यादव और उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पवन कुमार यादव की उम्र 34 वर्ष है और वह ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा का निवासी है। उसकी पत्नी नवीता यादव की उम्र 30 वर्ष है।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को हरियाणा के बल्लभगढ़ से बिलासपुर लाया गया। 9 अगस्त को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال