दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पुलिस का अभियान तेज

 

दुर्ग-भिलाई ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नो-पार्किंग और यातायात नियमों पर पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का अभियान जारी।
दुर्ग-भिलाई में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर की सड़कों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहन, सड़क किनारे लगने वाली दुकानें और ठेले-गुमटियों के कारण कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। खासकर शाम के समय प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को परेशानी होती है।

यातायात विभाग के एडिशनल एसपी कौशलेंद्र पटेल के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से नाबालिगों के वाहन चलाने के साथ बिना लाइसेंस या जरूरी दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी है। इस दौरान स्कूलों में जाकर चालानी कार्रवाई की गई है और नाबालिग वाहन चालकों के माता-पिता को बुलाकर समझाइश भी दी गई।

भिलाई के साथ दुर्ग और चरोदा क्षेत्र में भी यातायात पुलिस की चेकिंग लगातार चल रही है। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को ट्रैफिक निर्देशों के प्रति सावधान करना भी है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

शहर के कई हिस्सों में सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाने से रास्ता संकरा हो जाता है। व्यस्त समय में इसका असर ट्रैफिक की रफ्तार पर पड़ता है। इसी को देखते हुए पुलिस नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

फ्लाईओवर के नीचे और सड़क किनारे दुकानों पर भी कार्रवाई

फ्लाईओवर के नीचे और सड़कों के किनारे ठेले, गुमटी और दूसरी दुकानें लगने से भी यातायात प्रभावित हो रहा है। एडिशनल एसपी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि इन मामलों में नगर निगम और संबंधित थानों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से भी पुलिस को सहयोग दिया जा रहा है।

सड़क किनारे रोजी-रोटी के लिए ठेला या गुमटी लगाने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पार्किंग की व्यवस्था नहीं करने वाले कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस

शहर के कई कॉम्प्लेक्स और दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़े होने की शिकायतें पुलिस को मिल रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस दुकानदारों और कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस जारी कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, वहां भी यदि सड़क पर वाहन खड़े कराकर ट्रैफिक बाधित किया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आने वाले दिनों में भी अभियान रहेगा जारी

पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में नाबालिग वाहन चालकों, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे होने वाले कारोबार और ट्रैफिक बाधित करने वाले अन्य कारणों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस का उद्देश्य ऐसी ट्रैफिक व्यवस्था तैयार करना है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही सड़क पर हादसों का खतरा भी कम किया जा सके।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال