![]() |
| दुर्ग के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर और बिजली बिल वृद्धि के विरोध में जनसंपर्क अभियान चलाया। |
इस जनसंपर्क एवं निरीक्षण अभियान का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार ने संयुक्त रूप से किया। दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली से जुड़े मुद्दों पर जानकारी ली।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड क्रमांक 01 नयापारा, वार्ड क्रमांक 02 राजीव नगर और वार्ड क्रमांक 03 मठपारा (दक्षिण) का दौरा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों ने उनके घरेलू बजट पर गंभीर असर डाला है।
लोगों ने बताया कि बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण उन्हें अपने रोजमर्रा के जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। कई परिवारों को बिजली बिल जमा करने के लिए कर्ज तक लेना पड़ रहा है। इसी दौरान कई नागरिकों ने स्वेच्छा से स्मार्ट मीटर हटाने और वापस करने के लिए आवेदन भी भरे।
वार्ड दौरे के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार राहत देने के बजाय महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर जैसी नीतियों के जरिए आम परिवारों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद मनमाने बिजली बिल, पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं।
पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी तुरंत वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और आम उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत दी जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनहित में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो पार्टी अपने चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी।
इस जन-जागरण अभियान में पश्चिम ब्लॉक प्रभारी पोषण साहू, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, प्रभारी महामंत्री रायसिंह दिकोला, उप नेता प्रतिपक्ष विजयंत पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, नासिर खोखर, कार्यालय प्रभारी सुनीत घोष, पूर्व एल्डरमैन देव सिन्हा, पूर्व पार्षद विजेंद्र भारद्वाज, मंडल प्रभारी धनंजय साहू, अविनाश यादव, श्रीमती भूमिका देशमुख, श्रीमती पिंकी साहू, श्रीमती ज्योति साहू, श्रीमती धनवंती निषाद, श्रीमती चित्ररेखा यादव, चिराग शर्मा, मनीष सोनवानी, हरीश सिन्हा, मोहित वालदे, प्रकाश जोशी, यशवंत दिल्लीवार, संतोष सोनी, हिमांशु शर्मा, टी.आर. वर्मा, सुरेश जंघेल, भीमा चौहान सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, वार्ड अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
