![]() |
| दुर्ग में महिला पर बैटरी के केमिकल से हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार। |
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक महेश दास बैरागी है, जबकि घायल महिला की पहचान मीना निषाद के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पहले एक ही कंपनी में काम करते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के बातचीत नहीं करने से नाराज होकर आरोपी ने हमला किया था। हालांकि, घटना की पूरी वजह अभी जांच के दायरे में है।
जानकारी के अनुसार, मीना निषाद और महेश दास बैरागी की जान-पहचान एक ही कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मीना ने करीब 6 महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी और इसके बाद वह घर पर रह रही थी।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से मीना आरोपी से बातचीत नहीं कर रही थी। सावन सोमवार को वह दुर्ग से धमधा की ओर शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान युवक ने उस पर बैटरी का केमिकल फेंक दिया।
इस हमले में महिला के साथ दो बच्चे भी केमिकल की चपेट में आ गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने महिला और दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का इलाज जारी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला और आरोपी के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, यह विवाद किस वजह से था और हमले के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसे लेकर अभी पूछताछ जारी है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्र ने बताया कि आरोपी ने महिला पर बैटरी के केमिकल से हमला किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हमले की पहले से योजना बनाई थी या गुस्से में आकर अचानक वारदात को अंजाम दिया। इसके अलावा, बैटरी का केमिकल आरोपी कहां से लेकर आया था और दोनों के बीच पूरा विवाद क्या था, इसकी भी जांच की जा रही है।
